नगर परिषद खैरथल में सभापति पद के चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। सभापति पद पर कब्जे के लिए दोनों दलों के बीच जोड़-तोड़ का गणित चल रहा है। इसी बीच रविवार को गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म खैरथल पहुंचे। दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में जवाहर सिंह बेढ़म ने दावा किया कि खैरथल में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्षद को डराकर, धमकाकर या बहला-फुसलाकर मतदान कराना उचित नहीं है। मतदान स्वच्छ तरीके से और अंतरात्मा की आवाज पर होना चाहिए। 30 निकायों में निर्विरोध अध्यक्ष बनना उपलब्धि
बेढ़म ने कहा कि राजस्थान में करीब 30 जगह भाजपा के मेयर, सभापति और अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने इसे भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पिछले 10-15 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। मुख्यमंत्री की विकासोन्मुखी सोच से जनता जुड़ रही है और इसी का परिणाम निकाय चुनावों में देखने को मिल रहा है। संगठनात्मक बैठक के लिए आए थे खैरथल
खैरथल दौरे के संबंध में उन्होंने कहा कि वे संगठनात्मक विषयों को लेकर बैठक करने आए थे। बैठक में चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और स्थानीय विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि खैरथल में निश्चित रूप से भाजपा का बोर्ड बनेगा और विकास की कड़ी में खैरथल के लोग भी जुड़ेंगे। निर्दलीय पार्षदों को लेकर बेढ़म ने कहा- निकाय चुनाव में एक वार्ड से चार-पांच कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के इच्छुक होते हैं, लेकिन पार्टी सभी को टिकट नहीं दे सकती। ऐसे में जिन्हें पार्टी का सिंबल नहीं मिला, वे भी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि खैरथल में जीतकर आए निर्दलीय पार्षद भी भाजपा की विचारधारा से जुड़े लोग हैं। मॉक ड्रिल प्रशासन की रिहर्सल
खैरथल में हुई मॉक ड्रिल के सवाल पर गृह राज्य मंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल को लेकर किसी तरह की आशंका नहीं होनी चाहिए। यह प्रशासन और पुलिस की नियमित अभ्यास प्रक्रिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल समय-समय पर ऐसी रिहर्सल करते रहते हैं। ‘डरा-धमकाकर मतदान कराना ठीक नहीं’
पार्षदों पर दबाव बनाए जाने के आरोपों पर बेढ़म ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को डराकर, धमकाकर या बलपूर्वक मतदान कराना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा। सभी पार्षदों को स्वच्छ तरीके से और अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर मतदान करना चाहिए। ‘खैरथल जिला विकसित जिले के रूप में आगे बढ़ेगा’
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रामहेत सिंह यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को लेकर लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। 'जिला बनाए रखने पर भूपेंद्र यादव और रामहेत का धन्यवाद करें'
खैरथल-तिजारा जिले को लेकर बेढ़म ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने खैरथल को सही तरीके से जिला नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रामहेत सिंह यादव ने मुख्यमंत्री से जिले को यथावत रखने की बात कही। इसके लिए क्षेत्र के लोगों को उनका धन्यवाद करना चाहिए। कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत- ललित यादव
खैरथल नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से चुनावी कमान संभाल रहे मुंडावर विधायक ललित यादव ने कहा- 21 सितम्बर को खैरथल का चुनाव होने जा रहा है और कांग्रेस पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है। हमारे पास 26 लोग है। उन्होंने कहा- भाजपा के द्वारा निश्चित रूप से ये लोग खौफ की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन हमारे पास जो भी लोग जीते हुए लोग हैं वह सब लोग मजबूत लोग हैं और कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करके आएंगे। जो आठ लोग उधर भाजपा में हमारे चले गए, उनमें से सात लोग एक को छोड़कर कांग्रेस पार्टी को वोट डालेंगे। हमारा ऐतिहासिक रिजल्ट कल आएगा।