खैरथल नगर परिषद चुनाव के बाद अब सभापति पद की तस्वीर साफ हो गई है। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद निर्दलीय प्रत्याशी सर्वेश गुप्ता और सुमित रोघा ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इससे पहले, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान नवल सिंह का नामांकन रद्द हो गया था। अब सभापति पद के लिए सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने वार्ड नंबर 31 से जीते पार्षद विक्रम सिंह को सभापति पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने वार्ड नंबर 37 से पार्षद का चुनाव हार चुके ओमप्रकाश रोघा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस के 20 और भाजपा के 8 पार्षद खैरथल नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। सभापति चुनाव में बहुमत साबित करने के लिए 23 पार्षदों का समर्थन चाहिए। चुनाव नतीजों में कांग्रेस को 20 पार्षद मिले हैं, जबकि भाजपा के पास 8 पार्षद हैं। निर्दलीय पार्षद भी इस चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। भाजपा का दावा है कि उसके पास सभापति चुनाव के लिए पर्याप्त समर्थन है। कांग्रेस से भाजपा में आए विक्रम सिंह ने भी दावा किया है कि उनके साथ 10 और पार्षद आए हैं। हालांकि, अंतिम तस्वीर 21 सितंबर को होने वाली वोटिंग के बाद ही साफ होगी। दूसरी ओर, कांग्रेस के पास 20 पार्षद हैं और वो बहुमत के आंकड़े से तीन कदम दूर है। ऐसे में पार्टी की नजर निर्दलीय पार्षदों पर है। दोनों दल अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। सभापति पद के लिए कुल 5 दावेदारों ने नामांकन भरा था। जांच के दौरान एक नामांकन रद्द हो गया था। नाम वापसी के आखिरी दिन निर्दलीय प्रत्याशी सर्वेश गुप्ता और सुमित रोघा ने भी अपने नाम वापस ले लिए। अब मैदान में भाजपा के विक्रम सिंह और कांग्रेस के ओमप्रकाश रोघा ही बचे हैं। 21 सितंबर को होने वाली वोटिंग खैरथल नगर परिषद की नई सियासी तस्वीर तय करेगी। अब नजर इस बात पर है कि 45 पार्षदों वाली परिषद में बहुमत का आंकड़ा कौन जुटा पाता है और सभापति की कुर्सी किसके हिस्से आती है। सात निकाय में 10 प्रत्याशी मैदान में खैरथल-तिजारा जिले के सात नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अब 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। भिवाड़ी और कोटकासिम में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। तिजारा नगर परिषद में कांग्रेस के रामावतार सैनी और भाजपा के सुभाष चंद सैनी आमने-सामने हैं। वहीं भिवाड़ी नगर परिषद में भाजपा की गुंजन खटाना निर्विरोध हैं। किशनगढ़बास नगरपालिका में भाजपा के विश्वास और कांग्रेस की भारती अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। वहीं कोटकासिम नगरपालिका में भाजपा की रेखा सैनी निर्विरोध हैं। टपूकड़ा नगरपालिका में कांग्रेस के रघुवीर सिंह तंवर और भाजपा के बलवंत सिंह के बीच मुकाबला होगा। इसी तरह मुण्डावर नगरपालिका में कांग्रेस की मनीषा बाई गुर्जर और भाजपा के महेंद्र सिंह अध्यक्ष पद के लिए आमने-सामने हैं।