खैरथल नगर परिषद में शनिवार को 'मुख्यमंत्री विकसित शहर अभियान' के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। यह अभियान मुख्यमंत्री द्वारा बजट वर्ष 2026-27 में की गई घोषणा के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। 45 वार्डों के ड्राफ्ट मास्टर प्लान किए पेश नगर परिषद सभागार में आयोजित इस बैठक में खैरथल के सभी 45 वार्डों के ड्राफ्ट मास्टर प्लान प्रस्तुत किए गए। सहायक अभियंता भूपेंद्र गुर्जर ने पूर्व में आयोजित वार्ड सभाओं से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार किए गए ड्राफ्ट प्लान का विस्तृत अवलोकन उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और वार्डवासियों को करवाया। मूलभूत सुविधा मजबूत करने पर दिया जोर मास्टर प्लान में शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसमें सीवरेज व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क व नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सड़कों के बीच स्थित बिजली के खंभों एवं हाईटेंशन लाइनों को हटाने, पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसे अहम बिंदुओं को शामिल किया गया है। साथ ही विभिन्न सार्वजनिक विभागों के लिए आवश्यक भवन निर्माण संबंधी प्रस्ताव भी जोड़े गए हैं। ये रहे मौजूद बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व उपसभापति वरुण डाटा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, मनोहर परवाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। इसके अलावा, नगर परिषद के सहायक अभियंता भूपेंद्र गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता मोतीलाल वर्मा, रामबाबू जाटव, प्रकाश यादव, संजय जाटव समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने ड्राफ्ट मास्टर प्लान पर अपने सुझाव भी दिए, जिन्हें अंतिम प्रस्ताव में शामिल कर अनुमोदन के लिए आगे भेजा जाएगा। नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत शहर के सुनियोजित और सतत विकास के लिए सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि खैरथल को एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।