नगर परिषद खैरथल में कार्यरत ठेका आधारित सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वाल्मीकि सेना राजस्थान प्रदेश ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संगठन पदाधिकारियों ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सफाई कर्मचारियों के शोषण, वेतन अनियमितता और ठेका प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब एक साल से सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कई कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी से भी कम भुगतान किया जा रहा है तथा ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाओं में भी अनियमितता बरती जा रही है। वाल्मीकि सेना ने मांग उठाई कि सफाई व्यवस्था में वाल्मीकि समाज के सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएं तथा गैर वाल्मीकि कर्मचारियों को उनके मूल पदों पर लगाया जाए। साथ ही कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश एवं सरकारी छुट्टियों का लाभ दिए जाने की भी मांग की गई। संगठन ने निकायों में ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को संविदा पर नियुक्त करने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, यूडीएच मंत्री, स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों तथा जिला कलक्टर को भी भेजी गई है। इस दौरान वाल्मीकि सेना राजस्थान प्रदेश के प्रमुख अनिल वाल्मीकि, प्रदेश महासचिव सुरेन्द्र बिवाल, नगर अध्यक्ष सुल्तान वाल्मीकि सहित कई सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।