खैरथल नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष विक्रम सिंह चौधरी (विक्की) के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और पार्षदों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें सफाई कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई दिनों से जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्य बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर लगे हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों और गुरुद्वारों के आसपास भी गंदगी जमा होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष विक्रम सिंह चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो बरसात के मौसम में स्थिति और बिगड़ सकती है। शहर के प्रमुख नालों और नालियों में कचरा जमा होने से जलभराव का खतरा बढ़ गया है। बारिश होने पर गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच सकता है, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सफाई कर्मचारियों को उचित मानदेय, नियमित सुविधाएं और निश्चित अवकाश प्रदान किया जाए। साथ ही, सभी अस्थायी सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर हड़ताल जल्द समाप्त कराई जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल हो सके। ज्ञापन सौंपते समय जाटव समाज के संरक्षक रामचंद्र कामरेड, पार्षद राजेंद्र चौधरी, नारायण छगाणी, मनोज बुराहड़िया, राहुल रसगोन, अभिषेक हैडाऊ, मुशर्रफ खान, कालू हैडाऊ, दीपक चौधरी, वासु सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।