खैरथल में श्री बालाजी परिवार सेवा समिति की कार्यकारिणी की बैठक अग्रवाल भवन में आयोजित हुई। इस बैठक में संगठनात्मक बदलाव का निर्णय लिया गया और श्याम सैनी को सर्वसम्मति से श्री बालाजी मंदिर सेवा समिति का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष हितेश शर्मा ने की। इसमें मंदिर की व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। हितेश शर्मा ने मौजूदा कार्यकारिणी को भंग करने और सभी संरक्षकों व पदाधिकारियों को पदमुक्त करने की घोषणा की। इसके बाद हितेश शर्मा ने अपना इस्तीफा कार्यकारिणी को सौंपते हुए नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव रखा। उपस्थित सदस्यों की सहमति से नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि बैठक में मौजूद सदस्यों को नई कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा, जबकि अनुपस्थित सदस्यों को समिति से अलग कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से श्याम सैनी को श्री बालाजी मंदिर सेवा समिति का कार्यवाहक अध्यक्ष चुना गया। सदस्यों ने उनके नेतृत्व में मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक विकसित करने का विश्वास व्यक्त किया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर हितेश शर्मा, राहुल बंसल, राजेश गुप्ता, महेश गुप्ता, मोनू गुप्ता, राहुल खंडेलवाल और मनोज गुप्ता सहित कई सदस्य मौजूद रहे।