खैरथल में नई पीढ़ी को सिंधी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए सत्र 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एनसीपीएसएल, भारत सरकार, नई दिल्ली और भारतीय सिंधु सभा राजस्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में 15 अक्टूबर से सिंधी भाषा की कक्षाएं शुरू होंगी। इसकी तैयारी को लेकर खैरथल स्थित पूज्य झूलेलाल मंदिर में शिक्षा मित्रों और सुपरवाइजरों की एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में नए सत्र की कार्ययोजना, शिक्षण पद्धति और विभाग की ओर से जारी नए दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। नई शिक्षण पद्धति से कराया अवगत कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में गिरधारी लाल ज्ञानानी, प्रताप सिंह कटहरा, राजकुमार दादवानी और निशा बालानी ने शिक्षा मित्रों व सुपरवाइजरों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कक्षाओं का व्यवस्थित संचालन करने, छात्रों की सिंधी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने और शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने के तरीके बताए। साथ ही कक्षाओं से जुड़े नए नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई। प्रार्थना, भजन और गीतों से होगी शुरुआत नए सत्र में छात्रों को सिंधी भाषा सिखाने के साथ समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के जीवन से परिचित कराने पर जोर दिया जाएगा। कक्षाओं की शुरुआत प्रार्थना, भजन और गीतों से होगी। छात्रों को संतों और महापुरुषों के विचारों, उनके जीवन तथा समाज के प्रति योगदान की जानकारी दी जाएगी। सिंधी त्योहारों पर चर्चा के जरिए भी नई पीढ़ी को अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ऑनलाइन निरीक्षण से होगी निगरानी सिंधी भाषा की कक्षाओं में नियमितता बनाए रखने और शिक्षण व्यवस्था की निगरानी के लिए ऑनलाइन निरीक्षण की व्यवस्था रहेगी। कार्यशाला में उपस्थित सदस्यों ने सिंधी भाषा के प्रचार-प्रसार और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। शिक्षा मित्रों ने रखे विचार कार्यशाला में अशोक महलवानी, विजय बच्चानी, नितु खजनानी, संध्या सदनानी, नत्थू मल रामलानी, प्रकाश लालवानी, बाबूलाल गोरवानी, रामचंद्र खटवानी, दिनेश माखीजा और हरिराम रामानी ने अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर शिक्षा मित्र मोनिका मदान, सिल्की, जिया महलवानी, मोहनी कानानी, भविशा शर्मा, हेमलता कांधारी, योगिता, पूजा भारती, दीपा मंगलानी, ऊषा, संगीता नावानी, प्रीति भूरानी और नीलम महलानी सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।