खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला स्पेशल टीम (DST) ने मंगलवार को किशनगढ़बास के बेड़ा का बास में कार्रवाई की। टीम ने मैसर्स कमरुद्दीन और मैसर्स सुमरदीन की दो दुकानों पर छापा मारा। यहां से करीब 220 किलो बदबूदार कलाकंद और मिश्रित दूध नष्ट कराया गया। मैसर्स सुमरदीन से पोद्दार ब्रांड का करीब 120 किलो देसी घी भी जब्त किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि मैसर्स कमरुद्दीन से दूध, कलाकंद और मिल्क पाउडर के सैंपल लिए गए। मैसर्स सुमरदीन की दुकान से दूध, कलाकंद और पोद्दार ब्रांड के देसी घी के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत यादव, DST के सीआई गौरव कुमार, महिपाल सिंह और ईश्वर सिंह शामिल थे। इसका मकसद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को सुरक्षित सामग्री उपलब्ध कराना है।