खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने बुधवार को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खैरथल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और विशेष रुप से कक्षा छठी के विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन किया। शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर चेक किया निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रों की पढ़ने-लिखने की दक्षता, उच्चारण और समझने की क्षमता को बारीकी से परखा। उन्होंने कुछ विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न पूछकर उनकी विषय संबंधी समझ का भी परीक्षण किया। इस प्रक्रिया से विद्यालय में चल रही शिक्षा की गुणवत्ता का वास्तविक स्तर जांचा गया। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे बच्चों की बुनियादी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। इसमें पढ़ने, लिखने और गणना कौशल शामिल हैं। उन्होंने जोर दिया कि प्राथमिक स्तर पर एक मजबूत नींव ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है। कलेक्टर बोले- नियमित मॉनिटरिंग जरूरी जिला कलेक्टर ने यह भी कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय प्राचार्य ने कलेक्टर को आश्वासन दिया कि दिए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।