खैरथल-तिजारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में अब नई डिजिटल पहल शुरू की गई है। सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि राज्य सरकार और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केन्द्रों पर एलईडी टीवी एवं टैबलेट आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे एक ओर जहां मरीजों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिलेगी, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग भी संभव हो सकेगी। स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताया नई व्यवस्था के तहत अस्पतालों में लगाए जाने वाले एलईडी टीवी पर सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण अभियान, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और गैर संचारी रोगों से बचाव संबंधी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को योजनाओं के बारे में जागरूकता मिलेगी और वे समय पर लाभ उठा सकेंगे। स्वाथ्यकर्मियों को मिलेंगे टैबलेट वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्यकर्मियों को टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिनके माध्यम से जन्म पंजीकरण, नियमित टीकाकरण और लाडो प्रोत्साहन योजना सहित कई सेवाओं का ऑनलाइन कार्य तुरंत किया जा सकेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार चिकित्सा विभाग की लगभग सभी योजनाओं के ऑनलाइन पोर्टल पहले से संचालित हैं, जिनके जरिए रियल टाइम डेटा उपलब्ध रहता है। इससे ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करना आसान होगा। सेवाओं की गुणवत्ता में आएगा सुधार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि टैबलेट आधारित व्यवस्था से रोगियों के रिकॉर्ड का नियमित अनुश्रवण किया जा सकेगा। इससे उपचार प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। टीकाकरण कराने की अपील सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियमित टीकाकरण करवाएं, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क करें।