झालावाड़ के खानपुर में आमजन की समस्याओं को लेकर विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में एक विशाल जन आंदोलन और धरना प्रदर्शन शुरू हुआ। यह प्रदर्शन मिनी सचिवालय के बाहर 13 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है। यह आंदोलन एक रैली के साथ शुरू हुआ, जो कृषि मंडी से चलकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मिनी सचिवालय पहुंची। 4 किलोमीटर लंबी इस रैली में बाइक सवारों और पैदल मार्च करने वाले कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की भारी भीड़ देखी गई। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा अनिश्चितकालीन धरना खानपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित करीब 13 सूत्रीय मांगों को लेकर यह धरना प्रदर्शन मिनी सचिवालय के बाहर आयोजित किया गया है। विधायक सुरेश गुर्जर ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, यह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश गुर्जर ने परवन बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले किसानों की उपजाऊ भूमि और आशियाने छिन गए हैं, लेकिन वर्षों बाद भी कई पात्र परिवारों को उचित एवं बाजार दर पर मुआवजा नहीं मिला है। भूमि अधिग्रहण की जटिलताओं और प्रशासनिक शिथिलता के कारण किसान न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।