पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर सभागार में श्री श्याम परिवार सेवा समिति की ओर से श्याम मंदिर की छठी स्थापना वर्षगांठ काआयोजन हुआ। इस दौरान बुधवार रात भजन संध्या और जागरण हुआ। भजन संध्या में जय श्री श्याम के जयकारों और मधुर भजनों से पूरा सभागार गूंज उठा। देर रात से लेकर गुरुवार तड़के साढ़े चार बजे तक श्रद्धालु बाबा के दरबार में नाचते-गाते नजर आए। भजन संध्या में कलाकारों ने प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। नारनौल के भारत खुराना, हिसार की तनु श्री, तिजारा के गौरव दत्त तथा अलवर के आशीष शर्मा ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। "खाटू धाम का नजारा बड़ा क्यूट सांवरे", "थारो सजो श्रृंगार", "गजब मेरे खाटू वाले", "सांवरे सरकार को प्रणाम हमारा है" और "खाटू वाले श्याम तेरा सच्चा दरबार है" जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ भजन संध्या में भाग लिया। श्याम मंदिर समिति के अध्यक्ष श्यामसुंदर खंडेलवाल ने बताया - स्थापना दिवस के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की गई। इसके बाद शुरू हुआ जागरण गुरुवार तड़के तक निरंतर चलता रहा। इस अवसर पर कमल शर्मा, रजनीश बंसल, नवीन महावर, संजीव गुप्ता, पार्षद मनीष गुप्ता, अजय गुप्ता, योगेश गर्ग, जगदीश जांगिड़, राजेश जांगिड़, दीपांशु गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरा आयोजन भक्तिभाव, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।