खाटूश्याम बाबा का 20 जुलाई को विशेष तिलक श्रृंगार किया जाएगा। सीकर जिले में खाटूश्यामजी मंदिर में 20 जुलाई (सोमवार) को खाटूश्याम बाबा की विशेष सेवा-पूजा और तिलक-श्रृंगार के कारण मंदिर में 19 घंटे दर्शन बंद रहेंगे। 19 जुलाई को रात 10 बजे से 20 जुलाई की शाम 5 बजे तक बाबा श्याम मंदिर में पट बंद रहेंगे। श्रीश्याम मंदिर कमेटी की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विशेष अनुष्ठानों के साथ बाबा श्याम की सेवा-पूजा और तिलक कार्यक्रम भव्य रूप से किया जाएगा। इस समय अवधि में भक्तों को बाबा श्याम के दर्शन नहीं होंगे। खाटूश्याम बाबा के मंदिर के पट 19 घंटे के लिए बंद रहेंगे। कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे दर्शन के लिए निर्धारित समय का पालन करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाबा श्याम के दर्शन 20 जुलाई को शाम 5 बजे के बाद दोबारा शुरू हो जाएंगे। खाटूश्यामजी में ई-रिक्शा चलाने के नए नियम लागू खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत की अध्यक्षता में ई-रिक्शा ड्राइवर्स की बैठक हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि ई-रिक्शा केवल 5 निर्धारित रूटों पर ही चलेंगे। पहचान के लिए हर रूट का अलग कलर कोड स्टीकर होगा। सभी ई-रिक्शा चालकों को आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और मोबाइल नंबर के साथ संबंधित थाने में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। खुद का रिक्शा चलाकर रोजी-रोटी कमाने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अधिकतम सवारी संख्या और किराया भी फिक्स तय किया जाएगा। बैठक में फैसला हुआ कि शनिवार, रविवार, एकादशी, द्वादशी और त्योहारों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। रींगस से आने वाले ई-रिक्शा सामान्य दिनों में खाटू डाइवर्जन तक और विशेष पर्वों पर केवल गोल्डन वाटर पार्क तक ही आ सकेंगे। नियमों का 3 बार या इससे ज्यादा उल्लंघन करने वाले ड्राइवर्स का परमिट निरस्त कर दिया जाएगा। बैठक में ASP दीपक गर्ग, खाटूश्यामजी थानाधिकारी इंद्राज मारोड़िया सहित कई पुलिस अधिकारी और ई-रिक्शा संचालक मौजूद रहे।