सीकर की धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में मंगलवार को पोल पर लगी सजावटी लाइट में करंट आने से 22 साल के युवक की मौत हो गई। युवक अपने परिवार के साथ बाबा श्याम के दर्शनों के लिए आया था। युवक प्रसाद लेने के लिए गाड़ी से उतरा था, इसी दौरान ये हादसा हो गया। घटना खाटूश्यामजी में लाला मांगीराम धर्मशाला के पास मंगलवार अल सुबह की है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां दोपहर को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। गाड़ी से नीचे उतरा तो पोल पर लगी सजावटी लाइट के चपेट में आया जयपुर के बस्सी एरिया के मोहनपुरा गांव निवासी अभय जांगिड़ (22) पुत्र रमेश जांगिड़ अपने परिजनों के साथ खाटूश्यामजी में दर्शन के लिए आया हुआ था। मंदिर में जाने से पहले वह प्रसाद लेने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा। इसी दौरान अभय एक पोल से टच हुआ। जिस पर सजावटी लाइट लिपटी हुई थी। इस दौरान बारिश के चलते लाइट में करंट दौड़ रहा था। जिसकी चपेट में अभय आ गया। आसपास में मौजूद लोगों ने तौलिए के सहारे उसे बड़ी मुश्किल से खींचा। इलाज के लिए उसे खाटूश्यामजी उपजिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। खाटूश्यामजी नगर पालिका ईओ ने की 50 हजार की आर्थिक मदद अभय के साथ खाटूश्यामजी में दर्शन करने के लिए आए परिजन अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान रोते हुए नजर आए। घटना के बाद मानवीय संवेदना को देखते हुए खाटूश्यामजी नगर पालिका के EO सहदेव दान चारण ने परिवार को 50 हजार रुपए की निजी रूप से आर्थिक मदद की।