मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 अक्टूबर को सीकर जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के साथ ही स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया- मुख्यमंत्री भजनलाल सुबह 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर खाटूश्यामजी स्थित 52 बीघा पार्किंग के हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से रवाना होकर 10:15 से 10:45 बजे तक श्रीश्याम बाबा के मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। होटल में सुनेंगे पीएम के 'मन की बात' कार्यक्रम सीएम भजनलाल सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होटल मैस्टिफ सलेक्ट अपराजिता में पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' सुनेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक होटल मैस्टिफ सलेक्ट अपराजिता में खाटूश्यामजी के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक लेंगे। दोपहर में 3:10 बजे से 4:10 बजे तक लक्ष्मणगढ़ रोड (जूलियासर) स्थित चमेली देवी सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। संवाद के बाद शाम 4:20 बजे सीएम शोभासर हेलीपैड से जयपुर के लिए रवाना होंगे।