खैरथल-तिजारा को 4 महीने बाद आखिर जिला कलेक्टर मिल ही गया। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी अतुल प्रकाश को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, खैरथल-तिजारा के पद पर नियुक्त किया गया है। उनका ट्रांसफर भिवाड़ी इंटीग्रेटेड विकास प्राधिकरण (बीडा) में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद से किया गया है। राज्य सरकार की ओर से देर रात 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गई, जिसमें अतुल प्रकाश का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा। यह आदेश राज्यपाल की आज्ञा से संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया। लंबे समय से खाली था कलेक्टर का पद दरअसल, खैरथल-तिजारा जिला में 28 नवम्बर 2025 से कलेक्टर का पद खाली चल रहा था। उस समय तत्कालीन कलेक्टर किशोर कुमार का तबादला राजस्व मंडल अजमेर के सदस्य पद पर कर दिया गया था। इसके बाद से अलवर की कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला यहां का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रही थीं। किशोर कुमार का अचानक अकेले ट्रांसफर होना उस समय काफी चर्चा में रहा था, क्योंकि 21 नवम्बर 2025 को जारी तबादला सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इसके बाद 28 नवम्बर को उनका अलग से ट्रांसफर आदेश जारी किया गया था। जनता और जनप्रतिनिधियों की थी लगातार मांग जिले में कलेक्टर का पद खाली होने के कारण सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार स्थायी कलेक्टर लगाने की मांग की जा रही थी। अब अतुल प्रकाश की नियुक्ति के साथ यह मांग पूरी हो गई है और जिले को स्थायी प्रशासनिक नेतृत्व मिलने जा रहा है। नियुक्ति को लेकर जिले में प्रशासनिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि युवा आईएएस अधिकारी अतुल प्रकाश के आने से जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।