नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़बास में बसई कला गांव में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान भरतपुर सांसद संजना जाटव, पूर्व मंत्री ममता भूपेश विशेष रूप से उपस्थित रहीं। तीनों ने संयुक्त रूप से बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। नेता प्रतिपक्ष बोले-बाबा साहेब प्रेरणा के स्त्रोत इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- बाबा साहेब का जीवन करोड़ों वंचितों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज हम उनके संघर्षों की नींव पर ही कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने हमें न केवल संवैधानिक अधिकार दिए, बल्कि आत्मसम्मान से जीने का मार्ग भी दिखाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और क्रांति के अग्रदूत के रूप में उन्हें आज भी याद किया जाता है।उन्होंने जाति-आधारित भेदभाव के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया। दलितों, शोषितों और महिलाओं के उत्थान के लिए उन्होंने आंदोलन चलाए और "शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो" का नारा दिया। उनकी प्रतिमा का अनावरण बसई कला की मिट्टी के लिए गौरव का क्षण है। यह नई पीढ़ी को शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों से जोड़ेगा। जूली का आरोप- बीजेपी सरकार कांग्रेस की जनहित योजनाओं को कर रही बंद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया-राज्य सरकार ने कांग्रेस की जनहित की योजनाओं को बंद करने का सुनियोजित कार्यक्रम चला रखा है। भाजपा सत्ता में आते ही बदले की भावना से काम कर रही है। उनका एकमात्र एजेंडा यह है कि गरीब, किसान, महिला और युवा विरोधी बनकर कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक-एक कर बंद किया जाए। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा, महंगाई राहत कैंप और ओपीएस जैसी योजनाएं जिनसे करोड़ों लोगों को सीधा फायदा मिल रहा था, उन्हें या तो ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है या नाम बदलकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने इसे भाजपा का "प्रमुख कार्यक्रम" करार देते हुए कहा कि सरकार का ध्यान विकास पर नहीं, बल्कि पिछले कार्यकाल में हुए जनहित के कामों को मिटाने पर है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी और भाजपा की "जनविरोधी नीतियों" को बेनकाब करेगी। सांसद संजना जाटव ने कहा कि बाबा साहेब का संविधान आज भी देश की एकता का आधार है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहेब के विचारों को पढ़ने और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने में हमेशा हमे आगे रहना है। उन्होंने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रसार पर जोर दिया। इस अवसर पर एआईसीसी कोऑर्डिनेटर महेंद्र बौद्ध, जिला अध्यक्ष बलराम यादव, डॉ विनोद कुमारी सागवान, समिति अध्यक्ष मुकेश,दौलत नागर,उमरदीन खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।