उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़ी दुकान और उसके पीछे बने मकान से अचानक काले धुएं के गुबार उठने लगे। सुबह करीब 8 बजे थे, लोग अपने रोजमर्रा के कामों पर निकल रहे थे, तभी राहगीरों की नजर दुकान से निकल रहे इस धुएं पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और अनहोनी की आशंका में लोग घबरा गए। राहत की बात यह रही कि पड़ोसियों और राहगीरों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, वरना कोई बड़ी घटना हो सकती थी। दरअसल यह आगजनी कस्बे की एक नॉनवेज शॉप और उसके पीछे बने रिहायशी कमरे में हुई। जब लोगों ने दुकान के शटर और छत के पास से घना काला धुआं निकलता देखा तो तुरंत शोर मचाया। उस वक्त मकान और दुकान दोनों पर ताला लटका हुआ था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसियों और वहां से गुजर रहे लोगों ने हिम्मत दिखाई और तुरंत दुकान व पीछे बने मकान का ताला तोड़ दिया। पीछे बने मकान में धुआं घुट गया जैसे ही दरवाजा तो मकान के एक कमरे के भीतर भीषण आग लगी हुई थी और चारों तरफ काला धुआं था। कमरे में रखी लकड़ी की खाट और उस पर बिछे बिस्तर धू-धू कर जल रहे थे। आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और कमरे में रखे दूसरे सामान को अपनी चपेट में लेने वाली थीं। बिना वक्त गंवाए लोगों ने बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और उसे घर के बाकी हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। बाहर गया था मकान मालिक जानकारी के अनुसार इस मकान में बद्रीलाल नाम का व्यक्ति किरायेदार के रूप में रहता है। बद्रीलाल घर के ठीक आगे वाले हिस्से में नॉनवेज की दुकान चलाता है। हादसे के वक्त बद्रीलाल किसी निजी काम से बाहर गया हुआ था और घर पूरी तरह सूना था। गनीमत यह रही कि जब आग लगी, तब अंदर कोई सो नहीं रहा था, वरना धुएं और आग की वजह से कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। सामान पूरी तरह जलकर राख इस हादसे में बद्रीलाल की खाट, बिस्तर और कमरे में रखा कुछ अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। इनपुट –हितेश जोशी, खेरवाड़ा