जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में घुस गई। हादसे में कार सवार AEN (असिस्टेंट इंजीनियर) समेत दो दोस्तों की मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। हादसा किशनगढ़ शहर थाना इलाके में नसीराबाद पुलिया के पास शुक्रवार तड़के करीब 3ः45 बजे हुआ। थानाधिकारी बन्नालाल जाट ने बताया- इकोस्पोर्ट कार में सीकर के पीपराली रोड सूर्यनगर निवासी प्रदीप (30) पुत्र रामप्रसाद सर्वा, हरिपुरा के ललित कुमार (31) पुत्र कजोड़मल और फतेहपुर के अविनाश कुमार (32) पुत्र अनिल कुमार हुड्‌डा सवार थे। प्रदीप PHED में एईएन के पद पर पोस्टेड थे। वे दोनों दोस्तों के साथ अजमेर जा रहे थे। टोल बूथ से आगे उनकी कार तेज रफ्तार में चल रहे कंटेनर में पीछे से घुस गई। कार चकनाचूर हो गई। फ्रंट सीट पर बैठे प्रदीप और ललित की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे की सीट पर बैठा अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गया। कार में फंस गए थे शव टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद कार में फंसे शव और घायल अविनाश को बाहर निकाला। उन्हें राजकीय यज्ञनारायण (YN) जिला अस्पताल पहुंचाया। अविनाश को प्राथमिक इलाज के बाद अजमेर रेफर कर दिया। हादसे के बाद कंटेनर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर ट्रैफिक को सुचारू कराया। कार को थाने में खड़ा किया गया है। पुलिस अज्ञात कंटेनर के बारे में टोल टैक्स के सीसीटीवी फुटेज से जानकारी जुटा रही है। किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। किशनगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… … एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें… ट्रक- कार की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की मौत:कार में फंसे शव; श्रीगंगानगर से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर हादसा श्रीगंगानगर में नेशनल हाईवे- 62 पर शुक्रवार की दोपहर ट्रक और कार में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में जेन कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)