खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास स्थित सीएचसी में अव्यवस्थाएं मिलने पर जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। सोमवार को औचक निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. अतुल गौड़ अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली। दवाइयां और चिकित्सा उपकरण भी अस्त-व्यस्त स्थिति में रखे हुए थे। इसके अलावा, केंद्र में अप्रशिक्षित कर्मचारी कार्यरत पाए गए। जिला कलेक्टर ने इन अव्यवस्थाओं को गंभीर लापरवाही माना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और हाइजीन मानकों का पालन न होने से संक्रमण और बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है, जिससे मरीजों को असुविधा होती है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कलेक्टर प्रकाश ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि आमजन को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।