किशनगढ़बास के जाटका स्थित शहीद विजय सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। "ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूज-डे एंड लीगल लिट्रेसी सेंसिटाइजेशन" नामक इस कार्यक्रम से लगभग 140 छात्रों को लाभ मिला। इसका उद्देश्य छात्रों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में एलएडीसीएस (लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम) टीम के सदस्य एडवोकेट अर्पित शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने छात्रों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा कानून और निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एडवोकेट शर्मा ने बताया कि किसी भी समस्या या अन्याय की स्थिति में छात्र मुफ्त कानूनी सहायता ले सकते हैं। इस अवसर पर स्कूल परिसर में "कोर्ट वाली दीदी" नामक एक सुझाव पेटिका भी स्थापित की गई। इसमें छात्र अपनी समस्याएं, शिकायतें या सुझाव गोपनीय रूप से डाल सकेंगे। इस पहल को छात्रों और विधिक सेवाओं के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के तहत स्कूल में एक जूनियर लीगल लिट्रेसी क्लब का भी गठन किया गया। इस क्लब के माध्यम से छात्रों को नियमित रूप से कानूनी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक बताया। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में, स्कूल प्रशासन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।