किशनगढ़बास में श्री महावर वैश्य समाज का 30वां स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गुरुवार देर शाम को हुआ। आयोजन खैरथल रोड स्थित महावर धर्मशाला में हुआ। समारोह में शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। श्री महावर वैश्य नवयुग समिति के संगठन मंत्री लोकेश गुप्ता ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा और प्रेरणा बढ़ाते हैं। सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश महावर ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की पहली सीढ़ी है और बच्चों व युवाओं को लक्ष्य के प्रति एकाग्र होकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में बच्चों, युवाओं और महिला मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल थीं, जिनकी दर्शकों ने सराहना की। कार्यक्रम में एक लक्की ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री महावर वैश्य सेवा समिति, महावर वैश्य नवयुवक समिति और महावर वैश्य महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसे सफल बनाने में सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश महावर, सचिव रिंकेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रह्लाद राय गुप्ता; नवयुवक समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, सचिव मदन गुप्ता, कोषाध्यक्ष लोकेश कुचलिया; तथा महिला मंडल की अध्यक्ष पिस्ता गुप्ता, सचिव विनिता गुप्ता और कोषाध्यक्ष सुनीता गुप्ता सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।