खैरथल-तिजारा जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मंगलवार को किशनगढ़बास और तिजारा पंचायत समिति क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा, बिजली, पानी, शौचालय, रैंप और पर्याप्त रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने किशनगढ़बास के धमुकड़, बाघोड़ा, मिर्जापुर और तिजारा के जेरौली, खलीलपुर, हसनपुर माफी, बाघोर, सरहेटा के मतदान केंद्रों का जायजा लिया। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाताओं की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने एक सरकारी स्कूल में बच्चों से बातचीत की, पाठ पढ़ाया और गणित के सवाल पूछे। शैक्षणिक स्तर देखकर स्कूल स्टाफ से व्यवस्थाएं सुधारने को कहा। किशनगढ़बास उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह यादव भी मौजूद थे।