कोटा के अहलूवालिया मॉल में बुधवार सुबह कबर बिज्जू जानवर घूस गया। मॉल के कर्मचारियों को देखकर जंगली जानवर डक्ट में छिप कर ऊपर की तरफ पहुंच गया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग, नगर निगम की रेस्क्यू टीम और स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट के ऊपर छिपे कबर बिज्जू को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे हैंगिंग ब्रिज की तरफ जंगल में छोड़ने ले गई। लिफ्ट के ऊपर छिप गया था कबर बिज्जू स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि उन्हें अहलूवालिया मॉल के अंदर एक जंगली जानवर होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने काफी देर तक तलाश की। कबर बिज्जू टॉप फ्लोर पर लिफ्ट के ऊपर बैठा मिला। वन विभाग के वीरेंद्र सिंह, नगर निगम के जावेद और चंगेज खान व स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद उसे जाल की मदद से सुरक्षित पकड़ लिया गया। गोविंद शर्मा के अनुसार, मॉल के पास से रेलवे लाइन गुजर रही है। ऐसे में संभावना है कि कबर बिज्जू रेलवे लाइन के आसपास से यहां पहुंचा हो। खंडहरों में मिलता है ये जंगली जानवर यह जंगली जानवर आमतौर पर रिहायशी इलाकों में नहीं मिलता। यह खाली स्थानों, खंडहरों, पुरानी इमारतों, हवेलियों और नदी के आसपास रहना पसंद करता है। यह सड़े-गले मांस खाता है। गोविंद शर्मा ने बताया कि वन्यजीव के काटने या खरोंच लगने पर संक्रमण का खतरा हो सकता है। ऐसे में लोगों को इससे दूरी बनाए रखनी चाहिए और दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।