कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। विश्वकर्मा सर्किल स्थित एक होटल के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर बाइक को बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे तीन बदमाश चोरी कर ले गए। वारदात होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने अनंतपुरा थाने में शिकायत दी है। पीड़ित राज सिंह शेखावत ने बताया कि वह रामगंजमंडी से तीन दिन पहले कोटा आए थे। यहां AC लगाने का काम करते हैं और अपने दोस्त के होटल में रुके हुए थे। बुधवार सुबह तीन बदमाश होटल के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी बाइकों के लॉक खोलने लगे। इस दौरान उनकी सुपर स्प्लेंडर बाइक का लॉक खुल गया। इसके बाद एक बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथी भी उसके साथ थे। CCTV फुटेज में बाइक चोरी करने वाला बदमाश नजर आ रहा है। अनंतपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।