कोटा में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की भिडंत में बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से में जाकर फंस गई। जिससे बाइक सवार घायल हो गया। जिसने इलाज के दौरान कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना बुधवार (29 अप्रैल) दोपहर की है। बाइक सवार गोविंद रावल (38) मूलरूप से बूंदी जिले के करवर का रहने वाला था। जो वर्तमान में परिवार सहित विज्ञान नगर, इंद्रा बस्ती कोटा में किराए से रह रहा था। वह बुधवार को किराए का मकान ढूंढने इंद्राविहार इलाके में गया था। इंद्राविहार में मकान देख साफ सफाई करके वह वापस आ रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे ओपेरा रोड जगन्नाथ कचोरी की दुकान के पास हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उसे सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक, ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से में जाकर फंस गई। गोविंद गंभीर घायल हो गया। जिसे राहगीरों ने संभाला। एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया। जीजा कन्हैयालाल ने बताया की गोविन्द, नागर धाकड़ समाज में जजमानी (मांगने खाने) का काम करता था। दो तीन दिन पहले ही बूंदी से लौटा था। बुधवार को कोटा में जजमान के घर (शादी वाले घर ) से जजमानी (सामान व रुपए ) लेकर लौटा था। गोविंद के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) है। हादसे के बाद गोविंद का पर्स गायब हो गया। जिसमें जजमानी के रुपए रखे हुए थे। जवाहर नगर थाना हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह ने बताया हादसे में गोविंद के हाथ,सिर और पैर में गंभीर चोट लगी थी। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।