कोटा में जिला परिषद और पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी के नाम दो अलग-अलग मतदाता सूचियों में दर्ज होने का मामला सामने आया है। जिला परिषद के वार्ड संख्या-3 से भाजपा प्रत्याशी रंजना गोचर के खिलाफ कांग्रेस नेता नईमुद्दीन गुड्डू और पार्षद आईना महक ने आपत्ति दर्ज कराई है। दोनों ने बुधवार को कोटा कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी को आवेदन दिया और प्रत्याशी का नामांकन रद्द करने की मांग की। रंजना गोचर भाजपा नेता बद्री गोचर की पत्नी हैं। उन्होंने मंगलवार को जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस का आरोप- नगरीय और ग्रामीण मतदाता सूची में नाम कांग्रेस पार्षद आईना महक ने बताया- वार्ड संख्या 3 से कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला के सामने भाजपा की ओर से रंजना गोचर चुनाव लड़ रही हैं। आरोप है कि रंजना का नाम कोटा नगर निगम के वार्ड संख्या 51 की मतदाता सूची के साथ ग्रामीण क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज है। आईना महक के अनुसार- नगरीय निकाय चुनाव के बाद निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्देश दिए गए थे कि जिन मतदाताओं के नाम नगरीय निकाय की सूची में हैं। उनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा- अंतिम प्रकाशित नगरीय निकाय मतदाता सूची में भी रंजना का नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इस आधार पर आपत्ति लगाई, लेकिन उनका आरोप है कि आपत्ति स्वीकार नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि नामांकन रद्द नहीं हुआ तो हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने कहा- वोट चोरी के बाद अब भाजपा वाले चुनाव चोरी करने लगे हैं। प्रशासन और निर्वाचन अधिकारी भी बीजेपी के नेता के निर्देशन में काम कर रहे हैं। नईमुद्दीन गुड्डू बोले- शपथ पत्र की भी जांच हो कांग्रेस नेता नईमुद्दीन गुड्डू ने आरोप लगाया कि रंजना का नाम नगर निगम चुनाव की सूची और पंचायत चुनाव की सूची में दर्ज है। उनके अनुसार- नाम एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जुड़वाने के दौरान शपथ पत्र दिया जाता है। उन्होंने शपथ पत्र की जांच कराने और कथित अनियमितताओं के आधार पर नामांकन रद्द करने की मांग की। उन्होंने प्रत्याशी के पति का नाम अलग-अलग सूचियों में बद्री गोचर और बद्री लाल दर्ज होने का भी आरोप लगाया। प्रत्याशी के पति ने कहा- नाम पहले ही कटवा दिया वहीं भाजपा प्रत्याशी रंजना गोचर के पति बद्री गोचर ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा- आरकेपुरम क्षेत्र की नगर निगम मतदाता सूची से नाम पहले ही कटवा दिया गया था। उनके अनुसार वहां की सूची में अब नाम नहीं है।