कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित प्रताप नगर इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में ज़हर खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आईसीयू में भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता बाबूलाल ने बताया कि मोनिका की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। सोमवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। परिजनों का कहना है कि मोनिका ने ज़हर क्यों खाया, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है और घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने पर बोरखेड़ा थाना पुलिस एमबीएस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट कराया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई। प्रारंभिक तौर पर मामला ज़हर सेवन का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। थाना अधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी पर महिला के ससुराल और पीहर पक्ष के लोग मौजूद हैं। पीहर पक्ष की ओर से जो भी शिकायत दी जाएगी, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है, जिसके बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी।