कोटा के नान्ता थाना क्षेत्र में खेत के बिजली कनेक्शन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार बटवारे के बाद छोटे भाई द्वारा खेत का बिजली कनेक्शन अलग करवाने की प्रक्रिया चल रही थी, इसी बात को लेकर बड़े भाई और उसके परिवार के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई और उसके बेटों ने छोटे भाई पर हमला कर दिया। आरोप है कि कुल्हाड़ी और सरिए से वार कर उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, वहीं हाथ भी फैक्चर कर दिया गया। घटना के बाद घायल को परिजनों द्वारा तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घायल रामचरण मीणा ने बताया कि पहले खेत का बिजली कनेक्शन बड़े भाई के नाम था, लेकिन जमीन के बंटवारे के बाद वह अपने हिस्से का कनेक्शन अलग करवा रहा था। इसी बात से नाराज होकर बड़े भाई और उसके बेटों ने उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नान्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।