कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में रिटायर्ड नर्सिंगकर्मी के घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इतना ही नहीं घर के गेट के बाहर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गाड़ी को डंडो से वार कर तोड़ा गया। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश नजर आए है। घटना बुधवार देर रात 12:30 बजे के आसपास इंदिरा गांधी नगर सरकारी स्कूल के पास वाली गली की है। रिटायर्ड नर्सिंगकर्मी का कहना है कि उनके 18 साल के पोते को कुछ बदमाश युवक परेशान करते है। पैसा मांगते है, पैसा नहीं देने पर धमकियां देते थे। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाने में दी है। देखिए, बदमाशों की फोटो गाड़ी और घर के गेट पर पेट्रोल छिड़ककर भागे रिटायर्ड नर्सिंगकर्मी ओमप्रकाश खजोटिया ने बताया कि वह बुधवार दोपहर अवध एक्सप्रेस से पत्नी के साथ नेपाल यात्रा के लिए निकले थे। घर में बेटा-बहू और पोता थे। रात साढ़े 12 बजे के करीब कॉलोनी के तीन बदमाश घर के बाहर आए। उनके पास एक बोतल थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था। एक बदमाश ने मकान के बाहर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। दूसरे बदमाश ने घर के सामने खड़ी डिजायर कार पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। फिर वहां खड़ी कार पर डंडो से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद मौहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सुबह 6 बजे मुझे जैसे ही घटना का पता लगा। मै वापस कोटा के लिए रवाना हो गया।