पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेनसेट ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कोटा–चौमहला–कोटा रेल खंड पर रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला द्वारा निर्मित पहले वंदे भारत ट्रेनसेट का स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार हासिल की। यह ट्रायल भारतीय रेलवे के आरडीएसओ के परीक्षण निदेशालय के निदेशक परीक्षण धीरेन्द्र कुलश्रेष्ठ की देखरेख में किया गया। इससे पहले 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर भी ट्रायल सफल हो चुके थे, जिसके बाद अब गति को बढ़ाकर 180 किमी प्रति घंटे तक परखा गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया- यह वंदे भारत ट्रेनसेट अत्याधुनिक ट्रेन कंट्रोल और प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है, जिसे एल्सटॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड ने सप्लाई किया है। यह उपलब्धि स्वदेशी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन की क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक्शन परफॉर्मेंस, ब्रेक सिस्टम और सिस्टम इंटीग्रेशन जैसे कई महत्वपूर्ण परीक्षण किए गए, ताकि उच्च गति पर भी ट्रेन का संचालन पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय बना रहे। इस परीक्षण में लोको पायलट मनोज कुमार मीणा, सहायक लोको पायलट छीतर सिंह, मुख्य लोको निरीक्षक नेतराम मीणा और यातायात निरीक्षक सुशील जेठवानी सहित कोटा मंडल के परिचालन स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही एल्सटॉम और वेबटेक की तकनीकी टीमों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।