कोटा-नागदा रेलखंड पर रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते कोटा-चौमहला मेमू ट्रेन का संचालन चार दिन प्रभावित रहेगा। सुवासरा–नाथूखेड़ी स्टेशनों के बीच आरओबी के स्टील गर्डर लगाने का काम किया जाएगा। इसके चलते 17 से 20 अक्टूबर तक ट्रेन शामगढ़ स्टेशन तक ही संचालित होगी। ऐसे में चौमहला तक सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस अवधि में गाड़ी संख्या 61616 कोटा–चौमहला मेमू शामगढ़ स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 61615 चौमहला-कोटा मेमू चौमहला के बजाय शामगढ़ स्टेशन से रवाना होगी। इस कारण दोनों दिशाओं में शामगढ़–चौमहला के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी। यह रखें सावधानी... यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचें कोटा-चौमहला मेमू से सफर करने वाले यात्रियों को 17 से 20 अक्टूबर तक विशेष सावधानी बरतनी होगी। शामगढ़ से आगे चौमहला तक जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति और संचालन संबंधी ताजा जानकारी एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त की जा सकती है।