कोटा में नाले से निकलकर खाली खेत में 4 फीट का मगरमच्छ आ गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां से उसे रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोड़ा। बोरखेड़ा इलाके में अमृत नगर श्मशान घाट के पास एक खाली खेत में मगरमच्छ आ गया था। जहां खेत में मौजूद लोगों ने मगरमच्छ को मुंह खोलकर लेटे हुए देखा तो लोगों ने उसे भगाने का प्रयास भी किया। लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटा। इसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर चंबल में छोड़ा वन विभाग की टीम के वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ करीब 4 फीट लंबा था। उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने कई बार हमला करने की कोशिश की। टीम ने सावधानी बरतते हुए कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित चंबल नदी में छोड़ दिया गया। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ पास में मौजूद नाले से निकलकर खेत में आ गया था। रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।