कोटा के काला तालाब इलाके में मकान के अंदर अचानक भारी भरकम मगरमच्छ घुस आया। जानकारी के अनुसार, कैनाल रोड स्थित घर के पीछे बने बाथरूम के पास यह मगरमच्छ नाले से निकलकर पहुंचा। सुबह जब परिवार का एक सदस्य बाथरूम की ओर गया, तो उसने देखा कि करीब 8 से 10 फीट लंबा मगरमच्छ मुंह खोलकर बैठा हुआ है। यह नजारा देखकर वह घबरा गया और तुरंत बाहर आकर परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अब देखिए,मगरमच्छ के रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ी 3 PHOTOS… नाले से घर में घुसा मगरमच्छ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू रेस्क्यू टीम के वनकर्मी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ पास ही बने नाले से निकलकर घर के बाड़े में आ गया था। मगरमच्छ को पकड़ना आसान नहीं था। करीब एक से डेढ़ घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के दौरान मगरमच्छ ने कई बार हमला करने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ उसे काबू में किया। आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर वाहन में रखा गया और बाद में चंबल नदी में छोड़ दिया गया। इस घटना के दौरान कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और मगरमच्छ को देखने के लिए भीड़ लग गई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी जंगली जीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें।