कोटा में 33 KV की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर (कुचालक) धमाके के साथ टूट गया। इससे आसपास के घरों और जमीन पर करंट फैल गया। करंट से एक महिला की मौत हो गई। तीन बच्चों समेत 9 लोग झुलस गए और तड़पने लगे। दो गायों की भी मौत हो गई। हादसा अनंतपुरा थाना क्षेत्र की बरड़ा बस्ती स्थित क्रेशर रोड इलाके में रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक घरों की दीवारों और लोहे के उपकरणों में करंट दौड़ने लगा। लोग जान बचाने के लिए चीखते हुए घरों से बाहर की ओर भागे। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली सप्लाई को तुरंत बंद करवाया गया। करंट से झुलसे लोगों को हॉस्पिटल लेकर गए। थाना अधिकारी रमेश कविया ने बताया- बरड़ा बस्ती में 2 मकानों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। धमाके के साथ लाइन का इंसुलेटर टूट गया। दो घरों में करंट फैल गया। करंट लगने से सलमा (30) की मौत हो गई। करंट से झुलसे अर्शील (9), अफाक (33), इशाक बेग (60), नशवीन (50), जोया (14), आलिया (12), सीमा कंवर (35), अयोध्या बाई (48) और भूरी बाई (25) न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती हैं। अब देखिए PHOTOS…. शोर सुनकर बाहर भागा तो पत्नी और पोता-पोती तड़प रहे थे करंट की चपेट में आए इशाक बेग ने बताया- आज मेरी छुट्टी थी और मैं घर पर ही था। अचानक शोर सुनकर बाहर निकला तो देखा कि लोग इकट्ठा थे। मेरी पत्नी, पोता और पोती करंट लगने से तड़प रहे थे। उन्हें बचाने के लिए जैसे ही मैं आगे बढ़ा, मुझे भी जोरदार करंट लगा। खंभे से चिपकी हुई थी महिला करंट से झुलसी सीमा कंवर ने बताया- अचानक धमाका हुआ। जब मैंने बाहर जाकर देखा तो पड़ोस की महिला करंट की चपेट में आकर खंभे से चिपकी हुई थी। हम तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े, तब तक मोहल्ले के अन्य लोग भी वहां पहुंच चुके थे। हम सभी मिलकर उस महिला को छुड़ाकर संभाल ही रहे थे कि इस बीच अचानक दोबारा करंट दौड़ गया। इस दूसरे झटके की चपेट में वहां मौजूद हम सभी लोग आ गए और सबको जोरदार झटका लगा। पहले भी कई बार की थी शिकायत सलमा (मृतका) के रिश्तेदार ने रोते हुए बताया कि हमारे घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। हमने पहले भी कई बार लिखित में इसकी शिकायत दी थी। इसके बावजूद बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की और आज यह हादसा हो गया। हमारे परिवार की महिला की मौत हो गई। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। पति ऑटो ड्राइवर है। XEN बोले- बारिश में टूट जाते हैं इंसुलेटर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के XEN आशीष जौहरी ने बताया- बारिश के मौसम में अक्सर इंसुलेटर टूटने की घटनाएं हो जाती हैं। जिस टावर पर इंसुलेटर लगा हुआ था, वह पथरीला इलाका है और उस टावर के चारों ओर मकान बने हुए हैं। वहां करंट के कारण अर्थ फॉल्ट हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही विभाग की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। करीब दो घंटे तक वहां रहकर स्थिति को संभाला। जल्द ही प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दोबारा सुचारू कर दी जाएगी। हादसे के कारणों की जांच कर रहे पुलिस और बिजली विभाग की टीम यह पता लगा रही है कि इंसुलेटर टूटने की वजह क्या थी? कहीं लापरवाही तो इस हादसे का कारण नहीं है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।