कोटा में 22 साल के डिलीवरी बॉय ने सुसाइड कर लिया। युवक सुसाइड से पहले बाजार से स्कार्फ खरीदकर लाया था। भाई और मां के काम पर जाने के बाद पीछे से फंदे पर लटक गया। मां घर पहुंची तो बेटा टिन शेड की एंगल पर फांसी का फंदा लगाकर लटका मिला। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। घटना सोमवार की महावीर नगर थाना क्षेत्र के केशवपुरा इलाके की है। महावीर नगर थाना SHO दिग्विजय सिंह ने बताया कि डिलीवरी बॉय गुरुनाम सिंह (22) थे। एक साल से ये काम कर रहा था। सुसाइड के कारणों का पता नहीं लगा है। उसके भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है। दोपहर में बाजार से घर आया था डिलीवरी बॉय के जीजा आकाश ने बताया कि साला सोमवार को घर पर अकेला था। उसका बड़ा भाई और मां काम पर गए हुए थे। सोमवार को वह काम पर नहीं गया। दोपहर 3 बजे तक मार्केट में रहा और फिर घर लौटा। दोपहर में बड़ा भाई घर से लंच लेकर जा रहा था। गुरुनाम ने भाई से मकान का गेट लगाकर जाने को कहा। शाम को मां घर पहुंची तो वह फंदे पर लटका मिला। कूलर चलाया, खिड़की में अख़बार लगाया जीजा ने बताया कि गुरुनाम दोपहर में बाजार से स्कार्फ खरीदकर भी लाया था। बड़े भाई के लंच लेकर जाने के बाद उसने कूलर चलाया और खिड़कियों में अख़बार लगाया। फिर स्कूटी को टिन शेड के नीचे खड़ा किया। इसके बाद स्कूटी पर चढ़कर टिन शेड की एंगल से फांसी लगा ली। वह कुछ दिन पहले सावलियां जी के दर्शन करके लौटा था।