राजस्थान गृह विभाग ने गुरुवार देर रात पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेशभर के 84 एडिशनल एसपी के तबादले किए हैं। इस आदेश में कोटा संभाग के 11 एडिशनल एसपी भी बदले गए हैं। कोटा शहर में तैनात एडिशनल एसपी दिलीप सैनी का ट्रांसफर सीआईडी सीबी जयपुर कर दिया गया है। उनकी जगह आरएसी डीग में तैनात सुभाष मिश्रा को कोटा शहर का नया एडिशनल एसपी बनाया गया है। वहीं एसीबी में तैनात मुकुल शर्मा को चित्तौड़गढ़ का एडिशनल एसपी लगाया गया है। उनकी पत्नी और कोटा महिला अपराध शाखा की एडिशनल एसपी नियति शर्मा का तबादला उदयपुर पीटीएस कर दिया गया है। बूंदी की एडिशनल एसपी उमा शर्मा को त्वरित जांच सेल सवाईमाधोपुर भेजा गया है, जबकि उनकी जगह हाड़ी रानी महिला बटालियन अजमेर से संजय सिंह चंपावत को बूंदी लगाया गया है। बारां में कमल कुमार जांगिड़ को नई जिम्मेदारी दी गई है। वे धौलपुर के बाड़ी क्षेत्र से स्थानांतरित होकर आए हैं। बारां के एडिशनल एसपी राजेश चौधरी को आरएसी टोंक भेजा गया है। इसके अलावा एसओजी जयपुर के भवानी शंकर मीणा को कोटा मानव तस्करी रोधी यूनिट में लगाया गया है। डूंगरपुर के एडिशनल एसपी मुकेश सांखला को कोटा त्वरित जांच सेल में पोस्टिंग मिली है। वहीं अभय कमांड जोधपुर से नरेंद्र चौधरी को अभय कमांड कोटा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।