जयपुर में डॉ.सोन देव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में कोटा में भी आईएमए के बैनर तले निजी हॉस्पिटलों में 24 घंटे के लिए हड़ताल कर दी गई है। इसके तहत निजी हॉस्पिटल आज सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक पूरी तरह सेवाएं बंद रख रहे है। हड़ताल के दौरान ओपीडी पूरी तरह बंद रही। इमरजेंसी सेवाएं भी बंद रखी गई। निजी हॉस्पिटलों की हड़ताल को देखते हुए सरकारी हॉस्पिटलों में व्यवस्था मुस्तैद की गई है। कोटा के तलवंडी एरिया में अस्पतालों का जोन है। यहां सभी निजी बड़े हॉस्पिटल मौजूद है। मंगलवार सुबह से ज्यादातर हॉस्पिटलों में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कुछ हॉस्पिटलों में मरीज ओपीडी में पहुंचे भी लेकिन वहां उन्हें पर्चे चिपके नजर आए, जिसमें ओपीडी सेवाएं एक दिन के लिए बंद होने की जानकारी मिली। लोग पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेते भी नजर आए। इलाज नहीं मिलने पर सरकारी हॉस्पिटलों की तरफ रूख किया। सरकारी हॉस्पिटलों में मुस्तैदी 24 घंटे की हड़ताल के चलते इमरजेंसी के मरीजों के पास भी एकमात्र सरकारी हॉस्पिटलों का विकल्प है। कोटा में अगर किसी तरह की इमरजेंसी है तो एमबीएस, न्यू मेडिकल कॉलेज, जेकेलोन हॉस्पिटल में ही इलाज मिल सकेगा। निजी हॉस्पिटलों ने हड़ताल का ऐलान किया तो सरकारी हॉस्पिटलों में इमरजेंसी सेवाओं में आगामी 24 घंटे विशेष मुस्तैदी बरतने के निर्देश जारी कर दिए गए है। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन ने सभी अस्पताल अधीक्षकों को डॉक्टरों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं को ठीक रखने के निर्देश दिए हैं। आरजीएचएस सेवा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित डॉ. पलकेश अग्रवाल ने बताया कि डॉ. बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में राजस्थान आईएमए के निर्णय के तहत कोटा के सभी निजी अस्पताल 24 घंटे बंद रहेंगे, आरजीएचएस सेवाएं भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई हैं। डॉ. बंसल के खिलाफ की गई कार्रवाई बिना किसी ठोस आपराधिक आधार के है। चिकित्सा बोर्ड की जांच में भी उनके खिलाफ किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही नहीं पाई गई है। एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को गिरफ्तार करना पूरे चिकित्सा समुदाय के मनोबल को गिराने वाला कदम है।