देश के बड़े महानगरों की तर्ज पर अब कोटा में भी नाइट बाजार शुरू हो सकता है। नगर निगम ने दशहरा मैदान के ईस्ट जोन में पूरे साल लगने वाले एक बाजार की तैयारी पूरी कर ली है। बाजार को दशहरा मैदान के मुख्य हिस्से से अलग और सुरक्षित रखने के लिए विजयश्री रंगमंच के दाईं तरफ से करीब 400 फीट लंबी और 5 फीट ऊंची लोहे की भारी-भरकम ग्रिल लगाई गई है। लोगों के बैठने के लिए बैंच लगाई गई हैं। बाजार के बीचों-बीच खूबसूरत फाउंटेन लगाया जाएगा और पूरे परिसर को आकर्षक लाइटों से रोशन किया जाएगा। ग्राहकों और पर्यटकों के प्रवेश एवं निकास के लिए परशुराम द्वार का मुख्य रूप से उपयोग किया जाएगा। इस बाजार से नगर निगम को भी हर महीने अच्छा राजस्व प्राप्त होगा। निगम की आय बढ़ेगी, खाली दुकानों का होगा उपयोग नगर निगम अधिकारियों के अनुसार- अब तक दशहरा मैदान का उपयोग मुख्य रूप से वार्षिक दशहरा मेले के दौरान ही होता था। बाकी साल ये दुकानें खाली पड़ी रहती थी। खाली परिसरों की सुरक्षा और रख-रखाव पर निगम को हर महीने हजारों रुपए खर्च करने पड़ते है। अब 200 दुकानों का स्थायी और नाइट मार्केट के रूप में उपयोग होने से न केवल इन परिसरों का रख-रखाव होगा, बल्कि निगम को नियमित आय भी मिलेगी। दशहरे के बाद इस मार्केट के संचालन का अंतिम प्रारूप उच्च स्तर पर तय किया जाएगा। योजना के अनुसार दिन में साधारण मार्केट और जरूरत होने पर आने वाले समय में इसे नाइट मार्केट के रूप में संचालित किया जाएगा, जिसके लिए पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।