राजस्थान में आज विजयादशमी यानी दशहरे का पर्व मनाया जा रहा है। अलग-अलग जिलों में रावण के पुतलों को दहन होगा। कोटा में सबसे बड़ा 105 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया है। यहां दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच के सामने तय मुहूर्त के अनुसार रात 7:31 बजे से 8:31 बजे के मध्य रावण दहन किया जाएगा। इससे पहले गढ़ पैलेस में पारंपरिक 'दरीखाना' सजाया जाएगा, जिसमें हाड़ौती क्षेत्र के पूर्व ठिकानों के प्रतिनिधि राजसी वेशभूषा में सजे-धजे उपस्थित रहेंगे। दरीखाने में भगवान लक्ष्मीनारायण जी की विशेष पूजा-अर्चना के बाद सवारी रवाना होगी। सवारी दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पहुंचने पर ज्वारा पूजन और सीता जी के पाने का पूजन किया जाएगा। इसके बाद पूर्व महाराव इज्येराज सिंह नाभि कलश में तीर चलाकर अमृत कलश को फोड़ेंगे, जिसके बाद रावण दहन का कार्यक्रम शुरू होगा। रावण को पैरों से रौंदने की परपंरा वहीं कोटा के नांता स्थित बड़ा अखाड़ा परिसर में जेठी समाज की ओर से 150 साल पुरानी परंपरा को निभाया गया। अखाड़े की मिट्टी से बनाए गए प्रतीकात्मक रावण की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद पुतले को पैरों से रौंदा गया। अखाड़े की मिट्टी से रावण बनाने की यह परंपरा रियासतकालीन राजा-महाराजाओं के समय से चली आ रही है। जयपुर में 105 फीट के रावण और 90 फीट के कुंभकर्ण का होगा दहन जयपुर के आदर्श नगर दशहरा मैदान में श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से शाम 7:30 बजे 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। इससे पूर्व भव्य आतिशबाजी का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच जब भगवान श्रीराम अग्निबाण चलाएंगे, तब रावण का दंभ चूर-चूर होगा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश गूंजेगा। विद्याधर नगर स्टेडियम में जयपुर का सबसे बड़े 121 फीट के रावण का दहन होगा। जोधपुर- अखाड़ों ने करतब किए, मुंह से आग निकाली जोधपुर में नगर निगम की ओर से रामलीला मैदान में करीब 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले मंगलवार को भीतरी शहर के फतेहपोल से रामरथ सवारी निकली। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान इसमें शामिल अखाड़ों ने करतब किए और मुंह से आग भी निकाली। अलवर में रावण दहन देखने पहुंचे लोग अलवर के दशहरा मैदान में शाम 7 बजे रावण का पुतला 65 फीट, कुंभकरण का 60 फीट और मेघनाथ का 55 फीट का दहन किया जाएगा। रावण दहन देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। दर्शकों के बैठने के लिए लगाए गए पंडाल में सभी कुर्सियां पूरी तरह भर चुकी हैं। उदयपुर में विजयादशमी पर उदयपुर में निकाला पथ संचलन उदयपुर- उदयपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से विजयादशमी के मौके पर पथ संचलन हुआ। सूरजपोल स्थित आरसीए खेल मैदान में स्वंयसेवकों ने एकजुट होकर शस्त्रपूजन और बौद्धिक कार्यक्रम किया। इसके बाद सभी शहर के प्रमुख मार्गों से कदम ताल कर निकले। पथ संचलन सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट दरवाजा, हाथीपोल और चेतक चौराहे सहित कई प्रमुख रास्तों से गुजरा। मार्ग में विभिन्न समाजों के लोगों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।