कोटा में बढ़ती गर्मी के साथ ही अब आगजनी की घटनाओं में भी भारी इजाफा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को कोटा के शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में आग लगने की सिलसिलेवार घटनाएं सामने आईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां अलर्ट मोड पर रहीं और पूरे दिन एक इलाके से दूसरे इलाके में दौड़ती नजर आईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के अनुसार, मंगलवार को चार से ज्यादा स्थानों पर आग लगी। ग्रामीण इलाके के भगवानपुरा और टिकरिया कला गांव में खेतों में नौलाईंयों में आग लग गई। सूखी घास होने के कारण आग तेजी से फैली। सूचना मिलते ही दमकलों को मौके पर रवाना किया गया। दोनों ही स्थानों पर दमकलकर्मियों ने कुछ देर में मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। वहीं शहरी इलाके में काली बस्ती सकतपुरा में खेत और झाड़ियों में आग लगने की सूचना मिली, जिससे आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया। यहां भी गाडियां भेजी गई और आग पर काबू पाया। इसी तरह दशहरा मैदान के फेज टू में मैदान के खाली हिस्से में उगी झाड़ियों में अचानक आग लग गई। जैसे ही कंट्रोल रूम को आग की सूचनाएं मिलीं, तुरंत अलग-अलग फायर स्टेशनों से गाड़ियों को रवाना किया गया। राकेश व्यास ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही आग की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को चार से पांच जगहों पर एक साथ आग लगने की सूचना थी। भगवानपुरा और टिकरिया कला में आग खेतों तक सीमित थी, जिसे समय रहते काबू कर लिया गया ताकि पास की अन्य संपत्तियों को नुकसान न पहुंचे। अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह की शुरूआत 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जाने वाले अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह का मंगलवार से आगाज हो गया। श्रीनाथ पुरम फायर स्टेशन पर शहीद फायर फाइटर्स को दो मिनट का मौन रखकर और स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम के बाद कोटा नगर निगम के आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने दमकल वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपायुक्त एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास, सीएफओ अमजद खान, अग्निशमन अधिकारी अजहर, एएफओ सीता चोपदार सहित फायर कर्मी व सिविल डिफेंस कर्मचारी मौजूद रहे।