कोटा में सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिसने पिछले 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान में हल्के बादल छाए रहे। सुबह 9:30 बजे तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बावजूद दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने लगी। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार तापमान बढ़ने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर में झुलसा देने वाली गर्म हवाओं और तेज धूप के चलते सड़कों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, जूस और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। कोटा के अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पार्क प्रशासन ने छोटे-छोटे पानी के पॉन्ड तैयार करवाए हैं। यहां टाइगर और सांभर जैसे जानवर पानी में बैठे नजर आए, जिससे उन्हें तेज गर्मी में राहत मिल रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जानवरों के लिए अतिरिक्त पानी, छायादार स्थान और खानपान की विशेष व्यवस्था की गई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उनकी लगातार निगरानी भी की जा रही है, ताकि लू और तेज धूप का असर कम किया जा सके। कोटा के मौसम के जुड़ी PHOTOS…