कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर चाकू और पाइप से हमला करने के मामले में 10 दिन बाद भी मुख्य आरोपी इमरान कालिया और उसके साथी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस बीच इमरान सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट शेयर कर रहा है। उसने एक दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मारपीट का वीडियो पोस्ट किया। इसमें इमरान और उसके साथी कार से उतरकर आजम खान पर हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना 2 अक्टूबर को अय्यप्पा मंदिर रोड की है। इलाके में रहने वाले इमरान कालिया और उसके साथियों ने आजम खान के साथ जमकर मारपीट की और चाकू से हमला किया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। अब आरोपी की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। कार से आए आरोपी, सड़क पर घेरकर किया हमला 2 अक्टूबर को आजम खान अय्यप्पा मंदिर रोड पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान इमरान कालिया अपने साथियों के साथ कार से वहां पहुंचा। कार से उतरने के बाद इमरान और उसके साथियों ने आजम खान पर पाइप और चाकू से हमला कर दिया। वारदात के दौरान आसपास काफी लोग मौजूद थे, लेकिन हमले और दहशत के कारण कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। आरोपियों ने आजम खान के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद सभी आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पहले भी फेसबुक पोस्ट कर जता चुका दबदबा मामले में फरार चल रहे इमरान कालिया की सोशल मीडिया गतिविधियां भी चर्चा में है। घटना के बाद वह लगातार पोस्ट शेयर कर रहा है। इससे पहले उसने फेसबुक पर दो पोस्ट की थी, जिनमें लिखा था- ‘हमें भूल तो नहीं गए, किंग ऑफ कोटा।’ अब उसने इंस्टाग्राम पर मारपीट का वीडियो शेयर किया है। वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में उसने कहा- ‘आजम दादा ने बाथरूम में घुसकर बचाई जान।’ आरोपी की ओर से इस तरह सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। डीएसपी बोले- आरोपियों के बेहद नजदीक है मामले में जब डीएसपी हिमांशु सिंह से आरोपी इमरान कालिया की ओर से लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए जाने और अब तक गिरफ्तारी नहीं होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों के बेहद नजदीक है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।