कोटा में हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपए वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार और 49,500 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- 23 अप्रैल को एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि 14 अप्रैल को एक अज्ञात महिला ने फोन कर उसे कंसुआ रोड स्थित एक मकान पर बुलाया। पहले से मौजूद दो महिलाओं ने उसे झांसे में ले लिया। आपत्तिजनक स्थिति में ला दिया। इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से अब तक करीब 90 हजार रुपये वसूल लिए। गिरोह के सदस्य लगातार पीड़ित के घर जाकर पैसों की मांग कर रहे थे। एसपी गौतम ने बताया- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर NH-27 के नीचे ढाडदेवी रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। कार सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। महिला सदस्य फोन कर लोगों को अपने जाल में फंसाती थीं। सुनसान स्थान पर बुलाती थीं। आपत्तिजनक स्थिति बनाकर वीडियो बनाया जाता और फिर उसी के आधार पर ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूली जाती थी। आरोपी नकद के साथ-साथ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए भी पैसे लेते थे। पुलिस ने आरोपियों से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें कई अन्य लोगों के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातें कबूल की हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है। आरोपियों में कोमल शर्मा (25) निवासी किशनगंज, जिला बारां, कृष्णा मीणा (31) निवासी राजपुरा, जिला बारां, नरेन्द्र सिंह सोलंकी उर्फ तंवर (27) निवासी राजपूत कॉलोनी, कंसुआ, शाहरूख (26) निवासी राजपूत कॉलोनी, कंसुआ, योगेन्द्र प्रताप सिंह राणावत (26) निवासी बापू नगर, कुन्हाड़ी तथा मोहम्मद आसिफ (26) निवासी एसएसएफ चौराहा, कंसुआ शामिल हैं।