कोटा में सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। बड़े भाई ने छोटे भाई और उसके परिवार पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना अनंतपुरा थाना क्षेत्र के क्रेशर बस्ती, तेजाजी के चबूतरे के पास हुई है। घटना के वक्त पीड़ित परिवार घर में नहीं था। पड़ोसी से चोरी के बारे में पता लगा। दोनों भाई आपस में सगे समधी हैं। पीड़ित शकील खान ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। सबसे छोटे बेटे की शादी छोटे भाई सलीम की बेटी सारिका से हुई थी। शादी के बाद से दोनों परिवारों के बीच पुश्तैनी मकान को लेकर विवाद चल रहा था। करीब 10 साल से दोनों परिवारों में नाता-रिश्ता और घर आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया था। पीड़ित का मकान अपने छोटे बेटे के मकान के ठीक सामने है, जहां छोटा बेटा अपनी पत्नी सारिका के साथ रहता था। पिछले मार्च महीने में छोटे बेटे की पत्नी सारिका ने घर में ही सुसाइड कर लिया था। इस मामले में सारिका के माता-पिता (यानी छोटे भाई सलीम) ने शकील खान के पूरे परिवार के खिलाफ अनंतपुरा थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करवा दिया था। जाति-समाज के लोगों के सुझाव पर शकील खान परिवार सहित दूसरी जगह शिफ्ट हो गए और मकान में ताला लगा दिया। मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिन्हें शकील खान मोबाइल पर लाइव देखते रहते थे। 10 अप्रैल को अचानक सभी कैमरे बंद हो गए। 11 अप्रैल को उन्होंने पड़ोसी से मकान चेक करने को कहा। पड़ोसी ने जाकर बताया कि एक ताला टूटा हुआ है और गेट पर दूसरा ताला लगा है। 12 अप्रैल को शकील खान खुद मौके पर पहुंचे और ताला टूटने व चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। घर से दो एसी, दो टीवी, सीसीटीवी का डीवीआर, 2 लाख 71 हजार रुपए नकद और सोने के गहने चोरी हो गए थे। अलमारी का ताला भी तोड़ा गया था। शकील खान ने आरोप लगाया कि उनका छोटा भाई सलीम पुश्तैनी मकान पर कब्जा करने की फिराक में था। उसी ने अपने परिवार के साथ मिलकर यह चोरी करवाई है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज में दो नाबालिग बच्चे उनके मकान के कैमरे तोड़ते दिख रहे हैं। संभवतः उन्हें लालच देकर पहले कैमरे नष्ट करवाए गए, फिर चोरी की गई। अनंतपुरा थाना ASI उदय सिंह ने बताया कि शकील ने चोरी की शिकायत दी है। जिसपर मामला दर्ज किया है। जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। वैसे पीड़ित व जिस पर आरोप लगाया है, दोनों आपस में सगे भाई भी हैं और समधी भी हैं। छोटे भाई की बेटी की शादी बड़े भाई के छोटे बेटे से हुई थी। जिसने पिछले महीने सुसाइड किया था l बेटी की मौत के मामले में छोटे भाई ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए बड़े भाई व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। जिसकी जांच चल रही है।