कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई की। टीम ने 207.36 हेक्टेयर (1296 बीघा) जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया। इसकी बाजार कीमत 112 करोड़ रुपए के आसपास है। यहां लोगों ने पत्थर कोट, पक्की बाउंड्री, बाड़े, पक्का स्ट्रक्चर, मकान बना रखे थे। KDA टीम ने 7 जेसीबी की मदद से अतिक्रमण तोड़ा। कार्रवाई 10 घंटे तक चली। ये जमीन रीको को आवंटित की जा चुकी है। KDA ने मौके पर रीको को कब्जा संभलाया। 80 लोगों ने कर रखा था कब्जा KDA तहसीलदार सुरेंद्र शर्मा ने बताया- आयुक्त के निर्देश पर ग्राम रामपुरिया और पीली की खान में शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में बूंदी जिले की तालेड़ा थाना, नमाना थाना पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा। 1296 बीघा जमीन में 70-80 लोगों ने कब्जा कर रखा था। जमीन पर पत्थर कोट, पक्के बाड़े, बाउंड्रीवाॅल बना रखे थे। ये क्षेत्र कोटा विकास प्राधिकरण में आने के बाद लोगों को नोटिस दिए गए थे। अभी भी लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा है। कार्रवाई में तहसीलदार हिम्मत सिंह, ललित नागर, भू-अभिलेख निरीक्षक मुरलीधर पारेता, हरीश कुमार गुप्ता, हरीशचंद्र प्रजापति, विवेकपाल, भवानी शंकर कारपेंटर, पटवारी राम निवास, अमित कुमार, हितेश माहेश्वरी, संदीप गोचर,रोहिणी महावर सहित डीएसपी तालेड़ा राजेश टेलर, तालेड़ा व नमाना SHO समेत 150 लोग मौजूद रहे।