कोटा शहर की बोरखेड़ा थाना पुलिस ने जमीन के नाम पर 58 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले एक जमीन का सौदा कर परिवादी से 58 लाख रुपए ले लिए, लेकिन बाद में उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पैसे लेकर 2 बार बेची जमीन पुलिस एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 25 मई 2026 को बजरंग नगर निवासी और एक संस्थान के संचालक मुकेश कुमार जैन ने बोरखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चंद्रेसल स्थित कृषि भूमि को बेचने के नाम पर निर्मल कुमार धाकड़ (42) और सुरेश कुमार धाकड़ (50) ने 90 लाख रुपए में सौदा तय किया। इकरारनामे के समय 50 लाख रुपए और अन्य आवश्यकताओं का हवाला देकर 8 लाख रुपए एक्स्ट्रा ले लिए। इस तरह कुल 58 लाख रुपए लेने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। जब परिवादी ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने और दूसरी जमीन देने का आश्वासन दिया, लेकिन न तो पैसे लौटाए और न ही वादा पूरा किया। आरोप है कि उन्होंने परिवादी की दूसरी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया और जान-माल की धमकियां भी दीं। पुलिस ने आरोपी भाईयों को न्यायित हिरासत में भेजा मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। दस्तावेजों की जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने 3 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 4 जुलाई को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।