कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा स्थित सुमन विहार कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में आज सुबह काम कर रहे व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह मकान में तराई का काम कर रहा था। करंट लगने के बाद परिजन उन्हें अचेत अवस्था में तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी रघुराज सिंह (51) के रूप में हुई है। तार में शॉर्ट सर्किट से हादसा मृतक के परिजन नवाब सिंह ने बताया कि रघुराज सिंह सुबह जल्दी निर्माणाधीन मकान में तराई करने के लिए गए थे। काम के दौरान पानी की मोटर के बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे वहां करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गए। डॉक्टर ने मृत घोषित किया उस समय मकान पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनका बेटा निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा, जहां रघुराज सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद उसने तुरंत परिवार को सूचना दी और परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों नहीं जताया कोई शक उद्योग नगर थाने के एएसआई गिरिराज मीणा ने बताया कि एमबीएस अस्पताल चौकी से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। परिजनों ने किसी प्रकार की शंका नहीं जताई तथा पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों से लिखित आवेदन लेने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया।