3 मई को हुई NEET 2026 परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने रद्द कर दी। राजस्थान के 27 जिलों के 611 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। इन केंद्रों के लिए 2.09 लाख अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। करीब 2 लाख स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद से स्टूडेंट्स में निराशा का माहौल है। स्टूडेंटस का कहना है कि पेपर लीक से जुड़े लोगों की वजह से साल खराब हो रहे हैं। वहीं BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- हमारे यहां पेपर लीक नहीं हुआ। अन्य प्रदेश केरल से हुआ। जांच हो रही है। सब सामने आ जाएगा। दोषी को दंडित किया जाएगा। वहीं दिल्ली में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने कहा है कि नीट के एग्जाम की अगली डेट 7 से 10 दिनों के अंदर घोषित की जाएगी। स्टूडेंट्स बोले- पूरी मेहनत खराब हो गई कोटा की स्टूडेंट अतीजा शेखर ने कहा- तीन-चार साल मेहनत करके एग्जाम देते हैं। कुछ लोगों की वजह से पूरी मेहनत खराब हो जाती है। साल 2025 का पेपर पहले ही टफ था, उससे पहले भी पेपर लीक की सूचनाओं के बाद स्टूडेंट्स घबराए हुए थे। अब एक बार फिर से पेपर लीक होने से पूरी मेहनत खराब हो गई। छात्रा नंदिनी ने कहा- नीट का पेपर रद्द होना बड़ा झटका है। यह पेपर भी जेईई की तर्ज पर होना चाहिए। ताकि नकल या लीक जैसे मामले नहीं हों। वहीं, पेरेंट्स का कहना है कि सरकारें नकल रोकने में फेल साबित हो रही हैं।