कोटा में नीट का पेपर बिगड़ने पर स्टूडेंट ने सुसाइड की कोशिश की। स्टूडेंट ने तनाव में आकर करीब 20 नींद की गोलियां खा ली। समय रहते मकान मालिक को जानकारी मिल गई, जिसके बाद स्टूडेंट को एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया। सूचना पर स्टूडेंट के परिजन पहुंचे। मामला कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क इलाके का है। जानकारी अनुसार-स्टूडेंट दौसा जिले का रहने वाला है। कोटा में रहकर निजी कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी कर रहा था। रविवार को उसका नीट एग्जाम था, लेकिन पेपर उम्मीद के मुताबिक नहीं गया। इससे वह मानसिक तनाव में आ गया। अगले दिन सोमवार को नींद की गोलियां खा ली। स्टूडेंट के पिता ने बताया कि उनका बेटा पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परीक्षा खराब होने के कारण वह काफी परेशान था। बच्चे की हालत स्थिर है। कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत छात्र से मिले बयान लिया उसने बताया कि उसे नींद नहीं आ रही थी इसलिए उसने नींद की गोलियां खाई थी।